संवाददाता:फ़िरोज़ खान/news1uttrakhand.in
हरिद्वार/लक्सर। उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र में आपसी विवाद ने उस समय हिंसक मोड़ ले लिया जब दो गुटों के बीच चली गोलीबारी में एक 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। सरेराह हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं। घायल पीड़ित को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान चली गोली 17 वर्षीय विनायक को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया। विनायक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का कहना है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है। परिजनों के अनुसार, सब कुछ इतनी अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला और युवक को गोली मार दी गई। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस जानकारी जुटाने में लग गई है। घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए है। पुलिस ने सक्रियता के चलते पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लक्सर क्षेत्र के निवासियों में भारी डर और रोष व्याप्त है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।





