संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
मंगलौर: कस्बे में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने और स्थानीय विधायक को जान से मारने की धमकी दिए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। मंगलौर से कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर विधायक के फोन पर विशेष समुदाय के खिलाफ घृणा, वैमनस्य और सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले आपत्तिजनक ऑडियो व वीडियो भेजे गए। इसके साथ ही मैसेज भेजने वाले की ओर से गाली-गलौज करते हुए विधायक को सीधी जान से मारने की धमकी भी दी गई। अज्ञात द्वारा धमकी दिए जाने पर विधायक के समर्थकों में आक्रोश भर गया हैं! स्थानीय जनता वह समर्थकों ने भी पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की हैं! 
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनव चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। 
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जिन मोबाइल नंबरों से आपत्तिजनक सामग्री और धमकियां भेजी गई हैं, उन्हें सर्विलांस पर ले लिया गया है। पुलिस की विशेष टीम नंबरों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने और उनकी पहचान जुटाने में लगी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।






