संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
देहरादून/मंगलौर! उत्तराखंड की राजधानी के बसंत विहार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान भाग रहे बदमाश ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़ा गया आरोपी हाल ही में एक बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल था। 
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही वह वाहन मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया, तो बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई (क्रॉस फायरिंग) में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27 वर्ष), पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एनक्लेव, रायपुर (देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गत 14 अगस्त को क्षेत्र में एक वृद्ध महिला को निशाना बनाते हुए चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। 
मौके से पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने निम्नलिखित सामान बरामद किया है! जिसमें एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा (कारतूस का खोल) और जिंदा कारतूस। घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की चोरी की एक्टिवा स्कूटी और वृद्ध महिला से लूटी गई सोने की चेन। 
“देहरादून पुलिस शहर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। देर रात चेकिंग के दौरान 14 अगस्त की चेन स्नैचिंग घटना के आरोपी आकाश उर्फ तमंचा को रोकने का प्रयास किया गया था, जिसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में आरोपी घायल हुआ है। अपराधियों को साफ संदेश है कि राजधानी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून






