संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
रुड़की। सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात हुई अमन की सनसनीखेज हत्या के मामले में शनिवार देर रात बड़ी सफलता हासिल की है। नगला इमरती क्षेत्र में पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में हत्याकांड का मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
ग़ौरतलब हैं कि गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने शराब की कैंटीन चलाने वाले अमन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। इस हमले में उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज जारी है। 
हत्याकांड के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार देर रात गुप्त सूचना मिली कि तीनों आरोपी एक ही बाइक पर सवार होकर किसी नई वारदात या क्षेत्र से भागने की फिराक में नगला इमरती के पास से गुजर रहे हैं। सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। 
पुलिस के अनुसार जब पुलिस ने संदिग्धों को रुकने का इशारा करते हुए आत्मसमर्पण करने को कहा, तो बदमाशों ने हड़बड़ाहट में बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर सीधी ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली मुख्य आरोपी सौरभ के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में कर अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती कड़ाई से पूछताछ में सौरभ ने अमन की हत्या में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
”बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में वांछित आरोपी सौरभ घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश में जंगलों और संभावित ठिकानों पर सघन कॉम्बिंग जारी है।”
— शेखर चंद सुयाल, एसपी देहात (रुड़की)






