संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
हरिद्वार। जिले में गौकशी के अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने देहात क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाकर पूर्व में गौकशी के धंधे में लिप्त रहे 16 आरोपियों को हिरासत में लिया है। 
हरिद्वार जनपद के पथरी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विशेष रूप से उन अपराधियों पर निगरानी रखने के लिए चलाया गया था जो पूर्व में भी गौकशी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने इन सभी 16 आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत कानूनी कार्रवाई की है। 
कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन ने आरोपियों को सख्त चेतावनी भी दी है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि यदि भविष्य में इनमें से किसी भी व्यक्ति की गौकशी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाई गई, तो उनके खिलाफ ‘गुंडा एक्ट’ और ‘गैंगस्टर एक्ट’ के तहत अत्यंत कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी अवैध संपत्तियों को भी चिह्नित किया जाएगा।

एसएसपी नवनीत सिंह ने इस संबंध में कड़ा संदेश देते हुए कहा कि हरिद्वार जिले में अपराध और विशेष रूप से गौकशी जैसे संवेदनशील अपराधों में शामिल तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस जिले को अपराध मुक्त बनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रखेगी।






