संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
बीमारी से तंग आकर पति ने पानी में मिलाकर दिया था जहर, बहादराबाद पुलिस ने हाईवे पुल से दबोचा!
मंगलौर/बहादराबाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपनी ही पत्नी को जहर देकर मौत के घाट उतारने वाले फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। आरोपी अपनी पत्नी की लंबी बीमारी से परेशान था, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मृतका के भाई ने बहादराबाद कोतवाली पुलिस को तहरीर प्रस्तुत की थी! पुलिस ने तहरीर के आधार पर त्वरित मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई में जुट गई थी!
जानकारी के अनुसार वह पुलिस के मुताबिक, ग्राम मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश पुत्र नियाज ने बहादराबाद कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके जीजा अफजाल ने उसकी बहन को इलाज के बहाने पानी में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद अमरजीत सिंह ने मामले की विवेचना खुद संभाली। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। मृतका के पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया था। हाल ही में आई विधि विज्ञान प्रयोगशाला रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत जहर के सेवन से ही हुई थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति अफजाल की तलाश तेज कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत ने बताया है कि वारदात के बाद से ही आरोपी अफजाल लगातार फरार चल रहा था। शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर कहीं दूर भागने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बहादराबाद पुलिस टीम ने बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल (शांतरशाह क्षेत्र) के पास घेराबंदी कर आरोपी को अफजाल को गिरफ्तार कर लिया! उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से बेहद परेशान हो चुका था, जिसके कारण उसने उसे रास्ते से हटाने के लिए जहर दे दिया। पुलिस ने आरोपी अफजाल पुत्र मुस्लिम (निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, बहादराबाद) का चालान कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया है।






