संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
हरिद्वार गंगा रोखड़ क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव मामले में पुलिस को मिली सफलता; चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की थी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली।
मंगलौर/हरिद्वार। रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आस्था पथ के पास झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव की अंधी गुत्थी को सुलझाते हुए हरिद्वार पुलिस ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 28 जून को रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र के आस्था पथ स्थित गंगा रोखड़ की झाड़ियों में एक अज्ञात महिला (उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष) का शव बरामद हुआ था। महिला के नाक और मुंह पर खून लगा हुआ था, तथा उसके कंधे और घुटनों पर चोट के गहरे निशान थे। घटनास्थल पर महिला के कपड़े भी फटे हुए मिले थे। शुरुआत में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को पूरी तरह बदल दिया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि गला घोंटने और मुंह दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी। मृतका की गर्दन और नाक की हड्डी टूटी हुई पाई गई थी और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। इस रिपोर्ट के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी थी। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, सर्विलांस और अन्य गोपनीय जानकारियों के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित करते हुए उन तक अपनी पहुंच बनाई। 
जांच के क्रम में शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम दूधिया बंध तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देहरादून की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मोटरसाइकिल सहित वहीं गिर गया। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर पास के जंगलों की तरफ फरार हो गया। मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जीशान, निवासी कस्बा नहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी जीशान ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी शाहनवाज (निवासी नहटौर, बिजनौर) के साथ मिलकर बीते 28 जून को महिला की गला दबाकर हत्या की थी और शव को छुपाने के उद्देश्य से झाड़ियों में फेंक दिया था।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला अस्पताल (मेला अस्पताल) पहुंचकर घायल आरोपी से गहन पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी शाहनवाज की गिरफ्तारी और मृतका की पहचान स्थापित करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।






