संवाददाता:शमसुल कुरेशी/news1uttrakhand.in
बड़ी कार्रवाई: जनपद में कानून हाथ में लेने वाले दबंगों और गैंग बनाकर उत्पात मचाने वाले युवाओं पर होगी कठोर कार्रवाई! समीक्षा: एसएसपी नवनीत सिंह ने ली मासिक क्राइम मीटिंग, बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सराहा, कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटने के निर्देश
हरिद्वार। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और आगामी पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। बैठक में बीते माह मई में घटे अपराधों और उनके खुलासे की गहन समीक्षा की गई। कप्तान ने मातहतों को अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और सोशल मीडिया के जरिए खौफ पैदा करने वालों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं! 
रविवार एसएसपी नवनीत सिंह ने मई माह में पुलिस द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। विशेष रूप से जनपद में सनसनी फैलाने वाले बच्चा चोरी के तीन बड़े मामलों का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाई। इसके साथ ही, हाल ही में संपन्न हुए सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को पूरी मुस्तैदी और कुशलता के साथ संपन्न कराने के लिए ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस बल की मेहनत को सराहा। 
कप्तान ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों (अस्लाह) के साथ रील बनाकर धौंस जमाने वाले युवाओं के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अवैध अस्लाह रखने वालों और रीलबाजों पर पैनी नजर रखी जाए। इसके अतिरिक्त, करियर बनाने की उम्र में गैंग बनाकर इलाकों में उत्पात मचाने वाले और कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस कठोर कानूनी प्रहार करेगी। 
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 पर विशेष फोकस
बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा-2026 की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेला क्षेत्र की सभी तैयारियों को समय से पूरा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस को आपसी समन्वय के साथ अभी से जमीनी स्तर पर खाका तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाह विवेचकों पर गिरेगी गाज, सर्किल ऑफिसर करेंगे साप्ताहिक समीक्षा
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को दो टूक लहजे में निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं का निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों में अधिक सक्रियता दिखाई जाए। अब से सभी सर्किल ऑफिसर अपने-अपने सर्कल में लंबित विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करेंगे और लापरवाही बरतने वाले विवेचना अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस थानों और चौकियों के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा की गई। थानों में आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई और बेहतर पुलिसिंग के लिए जरूरी आधुनिक उपकरणों व संसाधनों की मांग के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
इस बैठक में जनपद के समस्त पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और यातायात पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे।






